चंडीगढ़ , जनवरी 21 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के मेयर पद के लिए श्री योगेश ढींगरा को उम्मीदवार बनाया है।

आप ने सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए मुन्नवर खान और डिप्टी मेयर पद के लिए जसविंदर कौर को मैदान में उतारा है। आप नेतृत्व का कहना है कि तीनों उम्मीदवारों को पार्षदों का पूरा समर्थन मिल रहा है और पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। कांग्रेस की ओर से मेयर पद के लिए गुरप्रीत गाबी नामांकन दाखिल करेंगे। सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए सचिन गालिब और डिप्टी मेयर पद के लिए निर्मला देवी को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस नेताओं का दावा है किपार्टी के उम्मीदवारों को विपक्षी पार्षदों का भी समर्थन मिल सकता है और चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

इस बार मेयर चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला होने की पूरी संभावना है, क्योंकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी अपनी रणनीति के साथ मैदान में है।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान नगर निगम परिसर में गहमागहमी का माहौल देखने को मिल रहा है, सभी दलों के समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव के नतीजे आने वाले समय में नगर निगम की राजनीति की दिशा तय करेंगे। अब सभी कीनजरें मतदान और मतगणना पर टिकी हैं, जहां यह साफ हो जाएगा कि शहर की सत्ता की कमान किसके हाथ होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित