चंडीगढ़ , नवंबर 05 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के सेक्टर 38सी स्थित कोठी नंबर 2176 में बुधवार को अज्ञात व्यक्तियों के गोलीबारी करने का मामला सामने आया है।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही क्षेत्र के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामदयाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
कुछ ही देर में वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गये और पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी गयी।
थाना प्रभारी रामदयाल ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने कोठी पर लगातार चार राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिस कोठी पर फायरिंग हुई, वह मनजीत नामक व्यक्ति की है, जो मोहाली में रीजेंटा होटल का मालिक है।
उन्होंने बताया कि फायरिंग की वजह का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने इलाके के सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकाबंदी कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग डराने-धमकाने के लिए की गयी थी या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में विशेष टीमें गठित की गयी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित