चंडीगढ़ , मार्च 04 -- चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में पुलिसकर्मियों और कुछ युवकों के बीच हुयी मारपीट एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिसकर्मी युवकों को हुड़दंगबाजी न करने और पार्किंग क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैलाने की हिदायत दे रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला झड़प में बदल गया।
आरोप है कि युवकों ने पहले पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और उन पर हमला किया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई को उचित ठहरा रहे हैं, जबकि कुछ इसे जरूरत से ज्यादा सख्त बता रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता और घटना के क्रम की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित