चंडीगढ़ , फरवरी 10 -- केन्द्र शासित प्रदेश, चंडीगढ़ में मंगलवार को तेज धूप देखने को मिली, जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम में काफी बदलाव आने का अनुमान है। दिन में जहां धूप के कारण गर्मी का एहसास बना रहेगा, वहीं सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बर्फबारी का प्रभाव मैदानी इलाकों पर भी पड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में हुई इस बर्फबारी के कारण उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा रही है। दोपहर के समय हालांकि तेज धूप के कारण तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े पहनने की आवश्यकता होगी।
मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आने वाले सप्ताह में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद तापमान में तेजी से इजाफा हो सकता है। अनुमान है कि अगले सप्ताह अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
कुल मिलाकर, चंडीगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश के कोई आसार नहीं है। नागरिकों को बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित