चंडीगढ़ , जनवरी 21 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बुधवार सुबह पुलिस और गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गये।
सेक्टर-32 में केमिस्ट शॉप पर फायरिंग करने वाले तीन गैंगस्टर पुलिस से घिरता देखकर गोलीबारी करने लगे। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी कार दुर्घटना में घायल हो गया। गिरफ्तार कर लिये जाने के बाद सभी बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी टैक्सी स्टैंड पर फायरिंग कर दहशत फैलाने और 50 लाख रुपये की रंगदारी वसूलने की फिराक में थे। इसी मकसद से वे चंडीगढ़ पहुंचे थे। जांच में सामने आया है कि ये गैंगस्टर सपा गैंग से जुड़े हुए हैं और इससे पहले भी शहर में फायरिंग की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
पुलिस को आरोपियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी कि अपराध शाखा समेत सभी थानों की टीमों को अलर्ट कर दिया गया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राहुल और रिकी नाम के दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसी दौरान कार चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार में गाड़ी एक पोल से टकरा गयी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर जिस कार में सवार थे, उसे प्रीत नाम का युवक चला रहा था, जो जीरकपुर का रहने वाला है। आरोपियों से हथियार बरामद किये गये हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से चंडीगढ़ में बड़ी वारदात टल गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित