चंडीगढ़ , अप्रैल 01 -- चंडीगढ़ प्रशासन ने क्लर्क और स्टेनो टाइपिस्ट पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए है।
कुल 234 क्लर्क और 23 स्टेनो टाइपिस्ट पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया छह अप्रैल 2026 से शुरू होगी। इस भर्ती को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। शुरुआती वेतन करीब 35,000 से 40,000 रुपये प्रति माह रहने की संभावना है।
क्लर्क पद के लिए उम्मीदवार का स्नातक होना और अंग्रेजी टाइपिंग 35 शब्द प्रति मिनट जरूरी है, जबकि स्टेनो टाइपिस्ट के लिए स्नातक के साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति मांगी गई है। आयु सीमा 18 से 27 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना एक जनवरी 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
यह भर्ती 7वें वेतन आयोग के लेवल-2 के तहत होगी, जिसमें मूल वेतन 19,900 से 63,200 रुपये तक है। चयन प्रक्रिया में पहले लिखित परीक्षा, फिर टाइपिंग/स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच शामिल होगी।
भारत का कोई भी नागरिक आवेदन कर सकता है, हालांकि आरक्षण का लाभ केवल पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के वैध प्रमाण पत्र वाले उम्मीदवारों को मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित