चंडीगढ़ , अप्रैल 20 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चंडीगढ़ पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम को 25 नयी मोटरसाइकिलें प्रदान की गयीं। इन बाइकों को चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस के अनुसार, टीम में पीसीआर यूनिट भी शामिल है, जो आपातकालीन कॉल मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करती है। नयी बाइकों के शामिल होने से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में और सुधार होगा। इससे पहले भी करीब छह महीने पूर्व 50 नयी बाइकें इस बेड़े में शामिल की गयीं थीं। अब कुल मिलाकर के पास 115 बाइक हो जाएंगी, जिससे अपराधियों पर तेजी से काबू पाना आसान होगा।
सूत्रों के अनुसार कंट्रोल रूम में कॉल आते ही संबंधित क्षेत्र में तैनात टीम को तुरंत सूचना भेजी जाती है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती है। वर्तमान में पुलिस का लक्ष्य पांच मिनट के भीतर पीड़ित तक पहुंचना है, हालांकि इस समय को और कम करने के प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों का मानना है कि आधुनिक संसाधनों और तेज परिवहन साधनों के जरिए पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित