चंडीगढ़ , जनवरी 22 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा करते हुए मेयर पद के लिए सौरभ जोशी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

श्री जोशी ने मेयर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव और सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।

इसके साथ ही भाजपा ने सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए जसमनप्रीत सिंह और डिप्टी मेयर पद के लिए सुमन को उम्मीदवार बनाया है। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है और चुनावी तैयारियां तेज़ कर दी गयी हैं।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी शहर के समग्र विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, पारदर्शिता और सुशासन के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पार्टी का फोकस नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर रहेगा।

मेयर पद के प्रत्याशी श्री जोशी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उन्हें जनता और काउंसलर साथियों का आशीर्वाद मिला तो वे चंडीगढ़ के विकास को नयी दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, सड़कें, पेयजल आपूर्ति और पार्कों के रखरखाव जैसी बुनियादी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित