चंडीगढ़ , मार्च 18 -- पंजाब एवं हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्थित मोबाइल मार्केट में बुधवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह मार्केट मोबाइल शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों के लिए जानी जाती है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए 33 दमकल गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही हैं। वहीं, नगर निगम की ओर से भी पानी के टैंकर मौके पर भेजे गए हैं।

आग लगने के समय मार्केट में भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली करा लिया, जिससे किसी भी तरह की जनहानि से बचाव किया जा सका।

दमकल कर्मियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित