चंडीगढ़ , मार्च 17 -- चंडीगढ़ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कानून-व्यवस्था) कंवरदीप कौर को गृह मंत्रालय की ओर से एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। उनका तीन साल का कार्यकाल आठ मार्च 2026 को पूरा हो गया था। इस बीच वे अवकाश पर चली गई थीं, जिसके बाद एसएसपी का अस्थायी प्रभार एसएसपी ट्रैफिक सुमेर प्रताप को सौंपा गया था।

कंवरदीप कौर ने एक साल के सेवा विस्तार के लिए आवेदन किया था, जिस पर पंजाब सरकार ने एनओसी जारी कर दी। इसके अलावा चंडीगढ़ प्रशासक से भी मंजूरी मिल गई थी। एमएचए स्तर पर भी फाइल को स्वीकृति मिल चुकी थी लेकिन अंतिम मंजूरी के लिए फाइल प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचने के कारण प्रक्रिया में कुछ समय लग गया।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ से 'डिस्टर्ब एरिया' का दर्जा हटे कई वर्ष बीत चुके हैं। इसके बावजूद एसएसपी पद पर पंजाब कैडर के आईपीएस अधिकारियों की नियुक्ति का सिलसिला जारी है। हालांकि यह पद न तो किसी 60-40 फॉर्मूले के तहत आता है और न ही किसी एक राज्य का इस पर अधिकार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित