चंडीगढ़ , मार्च 23 -- चंडीगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र चरण -दो स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरा शोरूम उसकी चपेट में आ गया और चारों ओर घना धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

आग की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-32, राम दरबार और औद्योगिक क्षेत्र से कुल चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। साथ ही ऊंचाई तक लगी आग पर काबू पाने के लिए हाइड्रोलिक मशीन भी मंगवाई गई। दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। शोरूम में बड़ी मात्रा में बैटरियां, इन्वर्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा हुआ था। इन उपकरणों में मौजूद केमिकल और ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से भड़क गई।

दुकान में रखी प्लास्टिक सामग्री ने भी आग को तेजी से फैलने में मदद की, जिससे आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया। एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को खाली करवा लिया गया।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शोरूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। और अब प्रशासन इस मामले की जांच कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित