चंडीगढ़ , मार्च 26 -- चंडीगढ़ एयर शो के कारण की सुखना झील को 26 मार्च से आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया।

यह निर्णय चंडीगढ़ प्रशासन ने 27 और 28 मार्च को होने वाले एयर शो को ध्यान में रखते हुए लिया है।

उपायुक्त (डीसी) निशांत यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बिना प्री-बुकिंग के किसी को भी झील में प्रवेश नहीं मिलेगा। 28 मार्च को दोपहर 1:30 बजे के बाद झील को फिर से खोल दिया जाएगा।

27 मार्च को एयर शो की फुल ड्रेस रिहर्सल होगी, जबकि 28 मार्च को मुख्य आयोजन होगा। दोनों दिन करीब 10-10 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान सैर करने वालों के लिए झील पूरी तरह बंद रहेगी। प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए पानी, टॉयलेट, एंबुलेंस, दमकल वाहन और फर्स्ट एड जैसी व्यवस्थाएं की हैं। नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे।

निजी वाहनों को झील के पास आने की अनुमति नहीं होगी। शहर को सात जोन में बांटकर शटल बस सेवा चलाई जाएगी। लोगों को पास बुक करते समय अपना पिक-अप पॉइंट चुनना होगा। टिकट 100 रुपये प्रति व्यक्ति है और बुकिंग चंडीगढ़ टूरिज्म ऐप पर जारी है। एंट्री के लिए क्यूआर कोड पास और फोटो आईडी अनिवार्य है।

एयर शो में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम विमानों के साथ रोमांचक करतब दिखाएगी जिसमें लूप्स, रोल्स और हाई-स्पीड डाइव्स शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित