चंडीगढ़ , जनवरी 31 -- पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में हाल ही में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों ने प्रशासन और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के लगभग 30 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
पुलिस अभी तक हालांकि धमकी देने वालों तक नहीं पहुंच पाई है। इस घटनाक्रम के बाद पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय को भी उड़ाने की धमकी मिल चुकी है जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
बढ़ते खतरे और साइबर माध्यम से मिल रही धमकियों को देखते हुए चंडीगढ़ कमीशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स (सीसीपीसीआर) ने स्कूलों के लिए एक अहम परामर्श जारी किया है। परामर्श में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्कूल परिसरों में सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सीसीपीसीआर ने स्पष्ट किया है कि बिना पहचान और सत्यापन किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्कूल परिसर में प्रवेश न दिया जाए। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत जांच कर संबंधित एजेंसियों को सूचित किया जाए। आयोग ने विशेष रूप से वार्षिक कार्यक्रमों समारोहों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों के दौरान मेटल डिटेक्टर और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग की सिफारिश की है।
इसके अलावा साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों को किसी भी धमकी भरे ई-मेल फिशिंग लिंक या विशिंग कॉल की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और साइबर क्राइम पुलिस थाने को देने के निर्देश दिए गए हैं।
परामर्श में स्कूल प्रबंधन शिक्षकों और सुरक्षा कर्मियों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि आपातकालीन स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित