बहराइच , जनवरी 31 -- लखनऊ-गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित घाघरा घाट का संजय सेतु एक बार फिर चर्चा में है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के सूत्रों के अनुसार फरवरी माह से लगभग दो महीने तक व्यापक मरम्मत कार्य प्रस्तावित है, जिसके दौरान छोटे-बड़े सभी वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से पूरी तरह रोका जा सकता है। इंजीनियरों की टीम ने सर्वे लगभग पूरा कर लिया है और जिलाधिकारियों से अनुमति मिलने के बाद दूसरे सप्ताह से कार्य शुरू होने की संभावना है।
पुल बंद होने की स्थिति में लखनऊ से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती सहित कई जिलों का सीधा संपर्क प्रभावित होगा। प्रतिदिन करीब 50 हजार यात्रियों के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। वैकल्पिक मार्ग के रूप में जरवल रोड से चहलारी घाट या अयोध्या होकर आवागमन करना पड़ेगा, जिससे दूरी, समय और खर्च बढ़ेगा। इसी दौरान गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर तीसरी लाइन के कार्य के कारण रेल सेवाएं भी प्रभावित रहने की संभावना है, जिससे यात्रियों की कठिनाइयां और बढ़ सकती हैं।
शादी-विवाह के मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों ने अस्थायी पीपा पुल की व्यवस्था या गोंडा से लखनऊ के बीच अतिरिक्त मेमो/पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की है। एनएचएआई के सहायक अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि अनुमति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। क्षेत्रवासियों की नजर अब प्रशासन पर है कि मरम्मत अवधि में वैकल्पिक व्यवस्था कर आमजन को राहत प्रदान की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित