मुंबई , जनवरी 12 -- बॉलीवुड के जानेमाने संगीतकार मिथुन का कहना कि घर कब आओगे गीत के साथ एक ऐसी विरासत जुड़ी है, जो केवल सम्मान की हक़दार है।

बॉर्डर 2 का गीत 'घर कब आओगे' विरह, बलिदान और राष्ट्रीय गौरव को समर्पित एक भावनात्मक श्रद्धांजलि है। गीत 'संदेशे आते हैं', जिसे मूल रूप से अनु मलिक ने संगीतबद्ध किया था की भावनात्मक विरासत को आगे बढ़ाते हुए, संगीतकार मिथुन इस नए एंथम में ताज़ा लेकिन पूरी तरह सम्मानजनक दृष्टिकोण लेकर आते हैं।उनकी संगीत-रचना भारत की पांच बेहतरीन आवाज़ों अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ, विशाल मिश्रा, रूप कुमार राठौड़ और सोनू निगम के लिए एक समृद्ध साउंडस्केप रचती है। ये सभी कलाकार अपनी अलग पहचान के साथ उस गीत को स्वर देते हैं, जो देश की सेवा करने वालों और उनके सुरक्षित लौटने की प्रतीक्षा करने वालों दोनों को सम्मानित करता है।

मिथुन ने कहा, "इस गीत के साथ एक ऐसी विरासत जुड़ी है, जो केवल सम्मान की हक़दार है। अनु मलिक जी की धुन और जावेद अख्तर साहब की शायरी वर्षों से देश की भावनात्मक चेतना का हिस्सा रही है। इस प्रतिष्ठित गीत को फिर से रचने और उसमें अपनी दृष्टि जोड़ने की ज़िम्मेदारी मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। गीत का भावनात्मक दायरा इतना विशाल है कि मैंने पाँच आइकॉनिक आवाज़ों को एक साथ लाने का निर्णय लिया, और वह जादू बेहद सामूहिक और दिल से निकला हुआ महसूस होता है। टी-सीरीज़ मेरे लिए घर जैसा है, और मैं उनका हमेशा आभारी रहूँगा कि उन्होंने मुझे वह वातावरण दिया, जहाँ मैं इस गीत को अपने अंदाज़ में महसूस कर सका और मनोज मुंतशिर की कविता के साथ इसमें एक नया आयाम जोड़ सका। 'घर कब आओगे' के ज़रिये बॉर्डर 2 का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास है।यह भावना, स्मृति और गहरे अपनत्व का प्रतीक है।"फिल्म बॉर्डर 2 में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा, सोनम बाजवा और अन्या सिंह की अहम भूमिका हैं। अनुराग सिंह के निर्देशन में बन रही फिल्म बॉर्डर 2 का निर्माण भूषण कुमार, जे.पी. दत्ता और निधि दत्ता कर रहे हैं। यह फिल्म टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स के बैनर तले बनायी जा रही है और गुलशन कुमार एवं टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत की जा रही है। सह-निर्माता कृष्ण कुमार हैं। फिल्म बॉर्डर 2, 23 जनवरी 2026 को रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित