वाराणसी , मार्च 11 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जिला आपूर्ति अधिकारी के.बी. सिंह ने बुधवार को कहा कि लोगों से रसोई गैस को लेकर घबराने की आवश्यकत् नहीं है। उन्होंने गैस सिलेंडर की आपूर्ति के 25 दिन बाद ही लोग ऑनलाइन बुकिंग करें। सही समय पर घरों तक सिलेंडर पहुँच जाएगा। अनावश्यक कॉल करने से बचें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बुकिंग की जाती है, उसमें सिस्टम द्वारा चेक लगा होता है। 25 दिन पूरा होने पर ही अगली बुकिंग स्वीकार की जाएगी। उपभोक्ता यह समझ लें कि डिलीवरी के ठीक 25 दिन बाद ही ऑनलाइन बुकिंग संभव होगी। एजेंसी पर अब बुकिंग नहीं हो सकेगी।

वाराणसी में घरेलू सिलेंडर की कोई समस्या नहीं है। समस्या तब बढ़ेगी, जब लोग एक्स्ट्रा (अतिरिक्त) सिलेंडर की माँग करने लगेंगे। वर्तमान में कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति काफी प्रतिबंधित है और बहुत सीमित मात्रा में ही आ रही है।

श्री सिंह ने बताया कि वाराणसी में घरेलू उपभोक्ता लगभग 10 लाख 36 हजार के आसपास हैं, जबकि कॉमर्शियल उपभोक्ता करीब 5,200 हैं। उन्होंने कहा कि सर्वर में कभी-कभी समस्या आ रही है, जिससे लोगों को असुविधा हो रही है। बहुत अधिक लोग एक साथ कॉल कर रहे हैं, इसलिए बुकिंग में दिक्कत आ रही है। शाम के समय आसानी से बुकिंग हो जाती है। पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण जानकारी ली गई है। कंपनियों की ओर से स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति में फिलहाल कोई कमी नहीं है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील है कि वे ऑनलाइन ही बुकिंग कराएँ। नियम के अनुसार, पिछले सिलेंडर की डिलीवरी तिथि के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग संभव है। बुकिंग के अगले दिन सिलेंडर घर पहुँचाने का प्रयास किया जाता है।

वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति कम होने के कारण कुछ परेशानियाँ हैं। जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अभी नहीं हुई है, वे अवश्य करा लें, क्योंकि बिना ई-केवाईसी के ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं होगी। वही उपभोक्ता अमिताभ दीक्षित ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग में समस्या की वजह से लोग परेशान हैं। सीमा सिंह ने बताया कि बुकिंग नहीं हो रहा और एजेंसी वाले स्पष्ट कुछ बता नहीं रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित