रायगढ़ , फरवरी 25 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव उसके ही कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला। घटनास्थल से एक धारदार हथियार (कट्टा) भी बरामद किया गया है।

मृतक की पहचान अभिषेक विश्वकर्मा (20), पिता धनीराम विश्वकर्मा, निवासी वार्ड क्रमांक आठ घरघोड़ा के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, रात करीब दस बजे अभिषेक खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। कुछ समय बाद कमरे से किसी भारी वस्तु के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी। परिजन जब उसके कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाने और मोबाइल फोन पर कॉल करने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा, जहां अभिषेक फर्श पर खून से लथपथ पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल घरघोड़ा पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर बारीकी से जांच करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित