श्रीगंगानगर , मार्च 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर और आसपास के इलाकों में लगातार दो दिनों से हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के बाद आज सुबहयह पूरा क्षेत्र कोहरे की चपेट में आ गया।

तड़के करीब तीन बजे से कोहरा छाना शुरू हुआ, जो सुबह होते-होते और गहरा हो गया। दृश्यता घटकर मात्र 10 मीटर रह गयी। इससे सड़क यातायातबुरी तरह प्रभावित हुआ। वाहनों की रफ्तार मंद हो गयी।

बारिश के बाद तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। लोगों को मार्च के तीसरे हफ्ते में जनवरी के अंतिम दिनों जैसी ठंड और ठिठुरन का एहसास हो रहा है। जहां मार्च के पहले हफ्ते में तापमान बढ़ने से गर्मी शुरू हो गयी थी और लोग पंखे-कूलर चला रहे थे, वहीं अब वापस गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। पंखे और एसी बंद हो गये हैं। दोपहर में भी ठंडी हवायें चल रही हैं, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मौसम का यह अचानक परिवर्तन कुछ फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, लेकिन कुछ फसलों को नुकसान भी पहुंचा सकता है। इसलिए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले दो दिनों की तुलना में अब आकाश पर उतने गहरे बादल नहीं हैं। धूप अब भी नहीं निकली, लेकिन पूर्वाह्न 10 बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हो गया। अगले दो-तीन दिनों में बारिश के कोई आसार नहीं है, हालांकि हल्के बादल छाये रहेंगे और मौसम में ठंडक बनी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित