ग्वालियर , दिसंबर 11 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत के प्रतिष्ठित 101वें तानसेन समारोह के अंतर्गत पूर्वरंग संगीत सभाओं की श्रंखला जारी है।
आज सुबह राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय में सजी तृतीय पूर्वरंग सभा में गायन-वादन से झरे सुरों से सम्पूर्ण प्रांगण सरोबार हो गया। माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण के साथ आरंभ हुए इस समारोह का संचालन डॉ. पारुल दीक्षित ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव अरुण चौहान उपस्थित रहे।
सभागार की पहली प्रस्तुति में योगेश शर्मा ने तबले पर तीनताल में पेशकार, कायदे, रेला, टुकड़े, फरमाइशी चक्करदार परन, आड़ी व लयकारियाँ प्रस्तुत कर वातावरण को गतिमय कर दिया। इसके साथ अजराड़ा घराने का उत्कृष्ट कायदा भी पेश किया। हारमोनियम पर विवेक जैन ने संगत दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित