ग्वालियर , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर मंगलवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभिषेक चौधरी के रूप में हुई है, जो अपने पिता और परिजनों के साथ जबलपुर से मां वैष्णो देवी धाम के दर्शन के लिए जा रहा था। वह 11449 नंबर की ट्रेन में सवार था।
बताया गया है कि ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव के दौरान अभिषेक बाथरूम जाने के लिए नीचे उतर गया। इसी बीच ट्रेन के चलने या अन्य ट्रेन की आवाजाही के दौरान वह असंतुलित होकर पटरी पर आ गया और ट्रेन की चपेट में आ गया।
सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद यात्रियों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित