ग्वालियर , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शनिवार शाम अचानक मौसम बदलने से तेज आंधी, बारिश और कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और जनजीवन प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। दिनभर बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए 7 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटों में भी तेज बारिश, आंधी और बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम के इस बदलाव का असर किसानों पर भी पड़ा है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल भीगने से दाने काले पड़ने लगे हैं और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि मौसम ऐसा ही बना रहा तो फसल को और नुकसान हो सकता है।

हालांकि, तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस बदले मौसम से राहत मिली है। बीते दिनों तेज धूप और गर्मी के कारण लोग परेशान थे, लेकिन बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित