ग्वालियर , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर-भिंड हाईवे पर बेहटा क्रॉस के पास तेज रफ्तार ट्रॉले की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।

पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह लगभग 10 बजे हुआ, जब बाइक सवार युवक हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रॉले से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रॉला चालक घटना के बाद वाहन सहित फरार हो गया। मृतक की पहचान योगेश पुत्र राजाराम, निवासी ग्राम मैथाना के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और विरोध स्वरूप जाम लगा दिया।

सूचना पर टीआई महाराजपुरा यशवंत गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। आर्थिक सहायता के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रॉला चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित