मुरैना , अप्रैल 06 -- केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज ग्वालियर-आगरा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजना का निरीक्षण कर इसकी प्रगति का जायजा लिया और इसे क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह हाई-स्पीड कॉरिडोर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई दिशा देगा।
श्री सिंधिया ने बताया कि लगभग 5500 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह एक्सप्रेस-वे वर्तमान मार्ग की तुलना में करीब 32 किलोमीटर छोटा होगा और कुल दूरी लगभग 88 किलोमीटर रह जाएगी। वर्तमान दो-लेन सड़क को अपग्रेड कर छह-लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जहां न्यूनतम गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इससे आगरा से ग्वालियर की यात्रा, जो अभी ढाई से तीन घंटे लेती है, घटकर 45 से 50 मिनट में पूरी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि करीब तीन वर्ष में यह एक्सप्रेस-वे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है, जिसमें सीमित प्रवेश और निकास बिंदु होंगे। पूरे मार्ग में केवल चार प्रमुख एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स रखे जाएंगे, जिससे यातायात निर्बाध और सुरक्षित रहेगा।
परियोजना के अंतर्गत चंबल नदी पर अत्याधुनिक तकनीक से छह-लेन पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही शिवपुरी को जोड़ने के लिए लगभग 28 किलोमीटर लंबा पश्चिमी बायपास भी विकसित किया जा रहा है, जिसकी लागत करीब 1400 करोड़ रुपए है। इससे दिल्ली, ग्वालियर, शिवपुरी और गुना के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हाई-स्पीड कॉरिडोर और पश्चिमी बायपास को मिलाकर कुल लगभग 7000 करोड़ रुपए की परियोजनाएं क्षेत्र को मिली हैं। इसके अतिरिक्त ग्वालियर में करीब 600 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक रेलवे स्टेशन का निर्माण भी जारी है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पूरे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र का समग्र विकास होगा और निवेश, रोजगार तथा व्यापार के नए अवसर सृजित होंगे।
श्री सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को जल्द लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधुनिक अधोसंरचना के माध्यम से विकास की नई गति स्थापित हो रही है और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश को इसका लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रधुमन सिंह तोमर, पूर्व विधायक राकेश मावई सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित