पटना , मार्च 26 -- भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने गुरुवार को कहा कि ग्लोबल लीडरशिप रेटिंग में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शीर्ष स्थान पर पहुँचना पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
श्री पटेल ने कहा कि विश्व स्तर पर लोकप्रियता और विश्वास के इस पैमाने पर प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सहित कई बड़े वैश्विक नेताओं को पीछे छोड़ते हुए यह सिद्ध कर दिया है कि भारत का नेतृत्व आज दुनिया में सबसे प्रभावशाली और भरोसेमंद है।
प्रतिष्ठित वैश्विक डेटा इंटेलिजेंस फर्म 'मॉर्निंग कंसल्ट' के नवीनतम सर्वेक्षण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 68% अप्रूवल रेटिंग देते हुए उनके दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता के खिताब को कायम रखा है। यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक आत्मविश्वास, लोकतांत्रिक ताकत और विकास की उस निरंतर यात्रा का परिणाम है, जो पिछले वर्षों में देश ने तय की है। यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंचों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, चाहे वह आर्थिक सुधार हो, कूटनीतिक संतुलन, या फिर वैश्विक संकटों में निर्णायक भूमिका निभाना, सभी मंचों पर भारत की उपस्थिति महसूस की जाती है।
श्री पटेल ने कहा कि आज भारत केवल एक उभरती शक्ति नहीं, बल्कि विश्व व्यवस्था को दिशा देने वाला राष्ट्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि जी-20 की सफल अध्यक्षता और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने भारत को नई पहचान दी है। यही कारण है कि विश्व समुदाय का भरोसा भारत और उसके नेतृत्व पर लगातार बढ़ रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को उनकी कार्यशैली, स्पष्ट नीति, मजबूत निर्णय की क्षमता के साथ जनहित के प्रति समर्पण ने वैश्विक स्तर पर सबसे लोकप्रिय नेता बनाया है। यह रेटिंग बताती है कि भारत का लोकतंत्र सशक्त है और देश का नेतृत्व जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित