जयपुर , मई 02 -- आगामी 23 से 25 मई तक आयोजित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 की तैयारियों की यहां शनिवार को समीक्षा की गयी।

कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रमुख शासन सचिव मंजू राजपाल की अध्यक्षता में आयाेजन स्थल सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई, जिसमें सभी संबंधित कमेटियों एवं फिक्की अधिकारियों ने भाग लिया तथा जेईसीसी में घूमकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में श्रीमती राजपाल ने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल, सरस की लस्सी, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम-2026 केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी उन्नयन और बाजार से सीधे जुड़ाव का सशक्त मंच बनेगा। इस आयोजन के माध्यम से किसानों को ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रिसिजन फार्मिंग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती जैसे अत्याधुनिक कृषि नवाचारों से अवगत कराया जाएगा।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, तकनीकी सत्रों, प्रदर्शनी, किसान भागीदारी और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा की गई। साथ ही स्टार्टअप्स, एग्रीटेक कंपनियों और किसानों के बीच संवाद स्थापित कर कृषि को लाभकारी और टिकाऊ बनाने की दिशा में ठोस रणनीति पर विचार किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित