ग्रेटर नोएडा , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के एक्सप्रेस-वे थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-135 के डूब क्षेत्र में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मौके पर पहुंची पुलिस और निरीक्षण टीम द्वारा जांच कार्रवाई की गई।

रविवार को पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राकेश (45) , निवासी जरीफ नगर, जनपद बदायूं के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था। प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र कर बारीकी से निरीक्षण किया।

सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के अनावरण के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और सभी संभावित पहलुओं-दुर्घटना, आत्महत्या या अन्य कारणों-को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है।

फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित