ग्रेटर नोएडा , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के ग्रेटर नोएडा में साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये टूर एंड ट्रेवल पैकेज के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान आदित्य राज (33) के रूप में हुई है, जिसे ग्रेटर नोएडा स्थित आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी, बिसरख थाना क्षेत्र से दबोचा गया।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और गूगल पर आकर्षक विज्ञापन चलाकर लोगों को सिंगापुर, नेपाल, वियतनाम और यूरोप जैसे देशों के सस्ते और आकर्षक टूर पैकेज का लालच देता था। जब कोई व्यक्ति उसके संपर्क में आता था, तो वह उसे अलग-अलग पैकेज की जानकारी देकर बुकिंग कन्फर्म होने का झांसा देता था। इसके बाद वह पीड़ितों से अपने बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करा लेता था।
ठगी का तरीका बेहद शातिराना था। आरोपी बुकिंग दिखाने के लिए टिकट भी जारी करता था लेकिन बाद में उन टिकटों को कैंसिल कराकर रिफंड खुद ही प्राप्त कर लेता था। इस तरह वह लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अब तक करीब 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है। मामले की जांच जारी है और यह आशंका जताई जा रही है कि ठगी की रकम और भी अधिक हो सकती है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन एक लैपटॉप बरामद किया है, जिनका इस्तेमाल वह ठगी के लिए करता था।
दूसरा आरोपी आदित्य राज मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के प्रतापपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में रह रहा था। उसकी शैक्षिक योग्यता बारहवीं तक बताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित