ग्रेटर नोएडा , जनवरी 12 -- देश के आर्थिक विकास में आतिथ्य क्षेत्र के योगदान और इस उद्योग में करियर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ग्रेटर नोएडा में 'विकसित भारत के लिए विकसित हॉस्पिटैलिटी' थीम पर एक फरवरी को मिनी मैराथन का आयोजन किया जायेगा।

यह आयोजन एफएचआरएआई-इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट (एफएचआरएआई-आईएचएम), होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ नॉर्दर्न इंडिया (एचआरएएनआई) और नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी (एनसीएचएमसीटी) के सहयोग से किया जा रहा है।

एफएचआरएआई-आईएचएम मिनी मैराथन का यह पहला संस्करण होगा।

होटल एवं रेस्त्रां के भारतीय संघों के फेडरेशन (एफएचआरएआई) ने सोमवार को बताया कि भारत का पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग देश के आर्थिक विकास के प्रमुख स्तंभों में से एक है। यह सकल घरेलू उत्पाद में योगदान, विदेशी मुद्रा अर्जन और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाता है। बीते दो-तीन वर्षों में टियर-3 और टियर-4 शहरों में तेज विस्तार के बावजूद, यह उद्योग प्रशिक्षित कर्मचारियों की भारी कमी का सामना कर रहा है।

मिनी मैराथन में चार श्रेणियां होंगी, जो सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए उपयुक्त हैं। इनमें 10 किमी चिप-टाइमिंग रन, पांच किमी और तीन किमी चिप-टाइमिंग रन/वॉक, तथा तीन किमी स्टूडेंट फन रन/वॉक शामिल हैं। यह आयोजन एफएचआरएआई-आईएचएम के नॉलेज पार्क-3 स्थित परिसर में सुबह छह बजे से शुरू होगा। छात्रों, उद्योग के पेशेवरों, धावकों और परिवारों के साथ इस आयोजन का मकसद एक जोशीला माहौल बनाना है जो आतिथ्य उद्योग और आम जनता को एक साथ लाये।

मैराथन मार्ग पर विभिन्न शेफ द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले खास व्यंजनों के साथ एक अनूठा अनुभव भी प्रतिभागियों को मिलेगा। लाइव म्यूज़िक सेशन, फिटनेस वर्कशॉप्स, ज़ुम्बा और भांगड़ा प्रस्तुतियां भी होंगी। इसमें पूरी तरह इको-फ्रेंडली रेस किट्स, री-यूजेबल हाइड्रेशन स्टेशन और फूड वेस्ट को कम करने की पहल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित