ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा बादलपुर थाना क्षेत्र में श्री बालाजी हनुमान महोत्सव के अवसर पर बुधवार को भव्य ध्वज यात्रा का आयोजन किया गया।

यह यात्रा जीटी रोड से शुरू होकर सादपुर झाल स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर तक निकाली गयी। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

यात्रा कार्यक्रम के आयोजकों ने आज जानकारी देते हुए कहा कि भक्तों ने हाथों में ध्वज लेकर जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर जलपान और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

धार्मिक आयोजन को देखते हुए थाना बादलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन और आयोजकों के समन्वय से यह ध्वजा यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जा रही है। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के तहत मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित