ग्रेटर नोएडा , मार्च 24 -- विश्व टीबी दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि होगें।
यह कार्यक्रम गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में आज शाम चार बजे शुरू होगा।
इस कार्यक्रम में श्री नड्डा के साथ स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सा विशेषज्ञ, नीति-निर्माता और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश में क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता बढ़ाना, इसके उन्मूलन के लिए चल रहे राष्ट्रीय प्रयासों को गति देना और आमजन को इससे बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर टीबी उन्मूलन से संबंधित विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत सरकार द्वारा टीबी को जड़ से समाप्त करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में टीबी मरीजों के उपचार, पोषण सहायता, नई तकनीकों और जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित