ग्रेटर नोएडा , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र के ग्रेटर नोएडा पश्चिम में 18 वर्षीय युवती की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना बिसरख थाना क्षेत्र की है, जहां युवती ने कथित रूप से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।

पुलिस ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि मंगलवार रात बिसरख थाना पुलिस को एक निजी अस्पताल से सूचना मिली कि तनिष्का (18), पुत्री रामनिवास, निवासी यूसुफूचक साबरी, को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती ने अपने घर के अंदर ही फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं-पारिवारिक, सामाजिक और अन्य संभावित कारणों-की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित