ग्रेटर नोएडा , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस को थाना बिसरख द्वारा मृतका के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। जिसमें 32 वर्षीय स्वेता दुबे पुत्री मुकेश दुबे, निवासी रोज टावर, गार्डन सिटी-1, ऐमनाबाद, बिसरख, अपने मित्र 30 वर्षीय राहुल बंसल के साथ रह रही थीं। राहुल बंसल मूल रूप से ग्राम चिरौड़ी, थाना लोनी, जिला गाजियाबाद का निवासी है और वर्तमान में सकरपुर, दिल्ली में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि युवती ने अपने मित्र द्वारा लगातार परेशान किए जाने से आहत होकर गत 28 फरवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके उपरांत परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर बिसरख थाना में संबंधित प्रकरण में वैधानिक भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गत सोमवार को अभियुक्त राहुल बंसल को पैरामाउंट गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसके माध्यम से वह मृतका से बातचीत करता था।

पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल को जांच के लिए भेजा जा रहा है ताकि चैट और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।

फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित