ग्रेटर नोएडा , जनवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
डायल 112 के माध्यम से थाना सूरजपुर पुलिस को एक व्यक्ति के मृत होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर गांव में बालाजी डेयरी के पास स्थित किराए के मकान में एक युवक का शव मिला। जहां पुलिस द्वारा मकान के अंदर जाने पर पता चला कि मकान का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने किसी तरह खोला और मौके मृत पड़े युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सत्यवीर (32) के रूप में हुयी है। जो वर्तमान में सूरजपुर कस्बा क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस ने कहा कि जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मृत्यु के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। तथा पुलिस को मृतक के स्थान से किसी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं हुआ है, और घटना की सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित