ग्रेटर नोएडा , मार्च 09 -- उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में सोमवार को उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएं और शिकायतें आयोग की सदस्य के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में लगभग पचास मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण और उत्पीड़न से जुड़े मामले प्रमुख रहे। डॉ. मीनाक्षी भराला ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर अनुश्रवण करते हुए उनका समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को जल्द न्याय मिल सके।
उन्होंने पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादी महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ सुना जाए। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाएं सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण अपनी बात खुलकर नहीं रख पाती हैं, इसलिए अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि उन्हें भरोसा दिलाकर न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं।
डॉ. भराला ने कहा कि महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ-साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है। आयोग इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि किसी भी महिला को अन्याय या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े और उसकी शिकायत का त्वरित व निष्पक्ष समाधान हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित