ग्रेटर नोएडा , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सभा स्थल पर लाखों की संख्या में जुटी जनता ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा के शक्ति प्रदर्शन को साफ तौर पर प्रदर्शित किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं को हल करने में विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाने के लिए तैयार है।

इस अवसर पर पश्चिमी यूपी के कई बड़े नेता और क्षेत्रीय प्रभाव वाले चेहरे मंच पर मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि यह जनसभा खास तौर पर गुर्जर बाहुल्य क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने और वोट बैंक को साधने की रणनीति का हिस्सा थी। सपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूती से काम करने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित