ग्रेटर नोएडा , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा में इकोटेक प्रथम थाना पुलिस और गौतमबुद्धनगर अपराध शाखा की संयुक्त टीम की माफिया सुंदर भाटी गैंग के सदस्यों के साथ रविवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने मुठभेड़ के बारे में सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया की कल देर रात इकोटेक प्रथम थाना पुलिस और अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली थी कि शासन द्वारा चिह्नित माफिया सुंदर भाटी गैंग के दो सक्रिय सदस्य किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में यमुना पुस्ता स्थित ग्राम घरबरा के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने और भागने की कोशिश की तथा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ डीके (32) पुत्र कवर सिंह, निवासी ग्राम कमबक्शपुर थाना नॉलेज पार्क, जिला गौतमबुद्धनगर और अर्जुन (28) पुत्र संजय, निवासी डी-239 पटपड़गंज वाल्मीकि कॉलोनी थाना पांडव नगर, दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस ने धर्मेन्द्र के कब्जे से एक अवैध पिस्टल दो कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं, जो पुलिस पर फायर किए गए थे। वहीं अर्जुन के पास से एक तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है।

आरोपी धर्मेन्द्र का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ इकोटेक प्रथम थाना और थाना बीटा दो में पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस इस मामले में थाना इकोटेक प्रथम में दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों और उनकी आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित