ग्रेटर नोएडा , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर क्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित जारचा थाना पुलिस ने अपराध और अवैध शस्त्र तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से अवैध पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया गत शनिवार को जारचा थाना पुलिस टीम द्वारा स्थानीय खुफिया की सहायता से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान खुर्शीदपुरा नहर पटरी के पास एक संदिग्ध सफेद रंग की बलेनो कार को रुकने का इशारा किया गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार चार युवकों के पास से अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र (24), कुणाल (22), राहुल (28), विशाल (24) के रुप में की गयी है। सभी आरोपी हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले के ग्राम उजीना के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ जारचा थाना में आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए गए और इनका इस्तेमाल किस आपराधिक वारदात में किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। अवैध हथियार रखने और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित