ग्रेटर नोएडा , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा पश्चिम स्थित हाईराइज सोसाइटियों में लिफ्ट गिरने के हादसे से एक बुजुर्ग महिला घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे सोसाइटी के एफ पांच टावर में लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण अचानक झटके से नीचे आकर रुकी, जिससे एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सोसाइटी के, जी-सात टावर की निवासी 65 वर्षीय रीना प्रसाद अपनी नातिन को ट्यूशन से लेने एफ पांच टावर के फ्लैट नंबर 1701 पर गई थीं। लौटते समय जब वह नातिन के साथ लिफ्ट से नीचे आ रही थीं, तभी अचानक बिजली गुल हो गई। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट 15वीं मंजिल से सीधे 10वीं मंजिल तक आकर तेज झटके के साथ रुकी। इस फ्री-फॉल जैसे झटके से रीना प्रसाद के पैर में चार जगह फ्रैक्चर हो गया।

घटना के तुरंत बाद सोसाइटी के लोगों ने उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। गनीमत रही कि लिफ्ट में मौजूद बच्ची सुरक्षित है।

इस हादसे से स्थानीय निवासियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि आए दिन लिफ्ट अटकने की शिकायतें सामने आती रहती हैं, करीब 52 टावर और लगभग 97 लिफ्ट वाली इस विशाल सोसाइटी में इस तरह की लापरवाही कई सामने आई हैं।लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।

घटना की अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित