, Dec. 23 -- वाशिंगटन, 23 दिसंबर (वार्ता/ शिन्हुआ) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर कब्ज़ा करने के अपने इरादे को दोहराते हुए कहा है कि यह क्षेत्र उन्हें 'राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए' चाहिए, न कि प्राकृतिक संसाधनों के लिये।

श्री ट्रंप ने फ्लोरिडा के पाम बीच पर संवाददाताओं से कहा, " हमें ग्रीनलैंड राष्ट्रीय सुरक्षा के लिये चाहिए, न कि खनिजों के लिये।"श्री ट्रंप का यह बयान उनके प्रशासन के पिछले बयान से मेल नहीं खाता, जिसमें कहा गया था कि अमेरिका राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्कटिक रणनीति और अहम खनिजों एवं प्राकृतिक संसाधनों की संभावनाओं के लिये ग्रीनलैंड चाहता है। श्री ट्रंप ने रविवार को लुइज़ियाना के गवर्नर जेफ़ लैंड्री को ग्रीनलैंड में अपना विशेष दूत नियुक्त किया था।

अमेरिका के राष्ट्रपति ने फ्लोरिडा में कहा, " हमें ग्रीनलैंड चाहिए ही चाहिए और लैंड्री हमारी कोशिश की अगुवाई करना चाहते थे। वह कहते हैं कि वह (ग्रीनलैंड) डेनमार्क का है। डेनमार्क ने उस पर कोई खर्च नहीं किया और उसके पास कोई सैन्य सुरक्षा नहीं है। "इसके जवाब में श्री लैंड्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि विशेष दूत का पद ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बनाने के लिये एक स्वैच्छिक पद होगा। ग्रीनलैंड डेनमार्क का एक पूर्व औपनिवेशिक क्षेत्र है, जिसे 1979 में स्वराज का अधिकार दिया गया था। डेनमार्क ने 2009 में ग्रीनलैंड के स्वराज से जुड़ा अधिनियम अपनी संसद में पारित किया था, जिसके बाद इस द्वीप को अपने आंतरिक मामलों में फैसले लेने की आज़ादी मिल गयी। डेनमार्क के प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट के अनुसार, ग्रीनलैंड के विदेशी मामलों, रक्षा और सुरक्षा नीति पर अब भी डेनमार्क का ही अधिकार है।

ग्रीनलैंड के लिये श्री ट्रंप के दूत की नियुक्ति से ग्रीनलैंड, डेनमार्क और यूरोपीय संघ में कड़ी राजनयिक उथल-पुथल हुई है। डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने सोमवार को कहा कि वह इस नियुक्ति को लेकर डेनमार्क में अमेरिकी राजदूत केनेथ होवेरी को बुलाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित