श्रीगंगानगर , मार्च 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ ने 'पदोन्नति नहीं तो काम नहीं' आंदोलन के तहत सोमवार को श्रीगंगानगर में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया।

संघ के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि सात अप्रैल तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आठ अप्रैल को जयपुर में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। अगले दिन नौ अप्रैल से सिविल लाइंस क्षेत्र में महापड़ाव शुरू कर दिया जाएगा।

प्रदर्शन से पहले जिला परिषद सभागार में संघ की बैठक हुई, जिसमें जिले भर से ग्राम विकास अधिकारी और सहायक ग्राम विकास अधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद नारेबाजी और प्रदर्शन के साथ जुलूस निकाला गया जो कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंचा।

इस आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विनोद सुथार, जिला मंत्री मनोज कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष सचिन सारस्वत, सुरेश सरगरा, रामधन लिम्बा, रामकुमार भाम्भू, बलतेजसिंह, जितेंद्र मीणा, सहायक ग्राम विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र नेहरा और मनोज मुंजराल ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित