जयपुर , फरवरी 05 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने चित्तौडगढ़ ग्राम विकास अधिकारी एवं कनिष्ठ सहायक को दो लाख रुपये से अधिक की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो की चित्तौड़गढ़ चौकी प्रभारी हरिश्चन्द्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की चित्तौड़गढ़ इकाई में शिकायत की कि उसने ग्राम पंचायत सिंहपुर में निर्माण कार्य किये थे जिसके सात बिलों के 12 लाख 80 हजार रुपये के बिल पास करने की एवज में पंचायत समिति कपासन के ग्राम विकास अधिकारी पारस राम विश्नोई एवं कनिष्ठ सहायक बाबूलाल शर्मा दो लाख 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस पर शिकायत के सत्यापन के बाद ब्यूरो के दल ने जाल बिछाकर पारस राम विश्नोई और बाबूलाल शर्मा को परिवादी से 70 हजार रुपये नगद और एक लाख 40 हजार रुपये का चेक लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित