सिवनी , जनवरी 22 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों के तहत लोकायुक्त जबलपुर इकाई ने गुरुवार को बरघाट तहसील अंतर्गत बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर आवेदक अब्दुल वाहब पिता मानबुद खान, निवासी ग्राम साल्हे कोसमी, थाना बरघाट, जिला सिवनी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया था कि उसकी पत्नी सबीना बी के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास योजना में सबसे पहले नाम जोड़ने एवं 1 लाख 50 हजार रुपये की आवास राशि शीघ्र आवंटित कराने के बदले ग्राम रोजगार सहायक द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमेंद्र कुमार पिता जगन्नाथ पारधी, ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत साल्हे कोसमी, तहसील बरघाट को उसके निज निवास से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ट्रैप की कार्रवाई ग्राम साल्हे कोसमी, तहसील बरघाट स्थित आरोपी के घर पर की गई। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व दल प्रभारी डीएसपी श्रीमती नीतू त्रिपाठी ने किया। ट्रैप दल में सुश्री शशि मर्सकोले, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की विशेष टीम शामिल रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित