चम्पावत , मार्च 06 -- उत्तराखंड के चंम्पावत जिले में ग्रामीण शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राज्य सरकार ने जिले के 16 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के लिए भूमि हस्तांतरण को स्वीकृति प्रदान की है।

विद्यालयी शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य सरकार की भूमि पर संचालित लोहाघाट के 16 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों की भूमि को लोक प्रयोजन के अंतर्गत विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखंड शासन के नाम हस्तांतरित करने की अनुमति दी गई है। यह निर्णय शासन द्वारा निर्धारित शर्तों और प्रावधानों के अनुरूप लिया गया है।

इस कदम से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों की भूमि अभिलेखों में स्पष्टता और स्थायित्व सुनिश्चित होगा, जिससे भविष्य में विद्यालयों के विकास कार्यों को गति मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

स्वीकृति प्राप्त विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय निडिल, बडोली, असलाड़, कोटसारी, रौशाल, डैसली, नगरुघाट, दसलेख, ठांटा, पीपलखान, बटोली, नरसों, राइकोट कुंवर, खड़नौला, मटियाल तथा कुण्डीमारा शामिल हैं। इन विद्यालयों के लिए कुल लगभग 0.597 हेक्टेयर भूमि के हस्तांतरण को मंजूरी दी गई है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस निर्णय से विद्यालयों की आधारभूत संरचना को स्थायित्व मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है ताकि प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित