पटना, मार्च 18 -- ्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से वीबी जी राम जी डिजिटल अभियान 'चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य "विकसित भारत - ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)" के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाना है।

अभियान की थीम 'विकसित भारत-जी राम जी - युवा शक्ति, पंचायतों की प्रगति' रखी गई है।इस पहल में युवाओं को केंद्र में रखते हुए क्विज़, रील मेकिंग प्रतियोगिता एवं लोगो डिजाइनिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई है।

अभियान के तहत '60 सेकंड्स फॉर माई विलेज' राष्ट्रीय स्तर की वीडियो/रील/एनीमेशन प्रतियोगिता आयोजित की गई है, जिसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा गांवों के विकास, रोजगार सृजन एवं आजीविका संवर्धन में इस अधिनियम की भूमिका को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत कर सकेंगे। प्रतिभागी 30 से 60 सेकंड का वीडियो किसी भी भारतीय भाषा में माय भारत पोर्टल पर जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही क्विज प्रतियोगिता तथा लोगो डिजाइन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है जिसके अंतर्गत प्रतिभागी अधिनियम के उद्देश्यों, ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका, युवाओं एवं महिलाओं के लिए अवसर तथा 'मेरा गांव, मेरा भविष्य' जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।

सभी प्रतिभागियों को डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा और उन्हें ग्रामीण विकास मंत्री एवं मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। विजेताओं का चयन रचनात्मकता, मौलिकता, विषय की प्रासंगिकता एवं तकनीकी गुणवत्ता के आधार पर किया जाएगा। युवा अभियान के लिए जारी क्यूआर कोड स्कैन कर, दिए गए लिंक या मायभारत:जीओवी.इन पोर्टल के माध्यम से भाग ले सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित