श्रीगंगानगर , अप्रैल 03 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर तहसील क्षेत्र के गद्दरखेड़ा गांव के ग्रामीणों ने उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा के लिए मिसाल कायम की है।

इन ग्रामीणों ने न केवल एलपीजी सिलेंडरों में गैस की कमी का भंडाफोड़ किया, बल्कि पूरे मामले को सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित करके जिला रसद विभाग को भी कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से गांव के जागरूक नागरिकों को सादुलशहर स्थित इंडेन गैस सर्विस एजेंसी द्वारा डिलीवर किए जाने वाले सिलेंडरों में गैस की मात्रा को लेकर गड़बड़ी का शक हो रहा था। ग्रामीणों ने डिलीवरी करने वाली पिकअप गाड़ी और उसके स्टाफ पर नजर रखनी शुरू कर दी।

गत 29 मार्च को जब सादुलशहर इंडेन गैस सर्विस की पिकअप गाड़ी गांव में सिलेंडर डिलीवरी के लिए पहुंची, तब ग्रामीणों ने उसे गांव के सार्वजनिक स्थल पर रोक लिया। ग्रामीणों ने तुरंत डिजिटल कंप्यूटर कांटा लगाया और सिलेंडरों का वजन करना शुरू कर दिया। इस पूरी कार्रवाई को उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव भी कर दिया, जिससे मामला तेजी से वायरल हो गया। वजन करने पर अधिकतर सिलेंडरों में एक से तीन किलो तक गैस कम पाई गई। मात्र कुछ ही सिलेंडर पूर्ण वजन के थे।

सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों ने पिकअप गाड़ी के साथ आए एजेंसी कर्मचारियों से सीधे जवाब मांगा और यह पूछताछ भी लाइव प्रसारित की। कर्मचारी यह कहते सुनाई दिए कि उन्हें इस बारे में कुछ पता नहीं है। गोदाम से जैसा सिलेंडर मिलता है, वैसा ही वे डिलीवर कर देते हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं के साथ इस तरह की गड़बड़ी पर उनके खिलाफ मामला भी दर्ज हो सकता है, लेकिन कर्मचारी इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

इस जागरूकता और वायरल वीडियो के बाद जिला रसद विभाग की आंखें खुल गईं। विभाग ने तुरंत संयुक्त जांच दल गठित करके मामले की छानबीन शुरू कर दी। कल शाम को मामले ने नया मोड़ लिया जब जिला रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी विनोदकुमार बैरवा ने सादुलशहर थाने में इंडेन गैस सर्विस के खिलाफ लिखित रिपोर्ट देकर मामला दर्ज करवा दिया।

रिपोर्ट में प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत गद्दरखेड़ा के ग्रामीणों द्वारा 29 मार्च को लाइव वीडियो वायरल होने और कंट्रोल रूम में शिकायत मिलने पर संयुक्त जांच दल गठित किया गया था। जांच दल ने सादुलशहर इंडेन गैस सर्विस के गोदाम में जाकर सिलेंडरों का वजन किया और गांव में घरेलू सीलबंद सिलेंडरों का भी सत्यापन किया। जांच में पुष्टि हुई कि सिलेंडरों में गैस की मात्रा कम थी और ये सिलेंडर सादुलशहर इंडेन गैस सर्विस द्वारा ही डिलीवर किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित