बारां , जनवरी 24 -- राजस्थान में जयपुर हवामहल सीट के विधायक एवं टीटी संत बालमुकुंद आचार्य ने कहा है कि वैसे तो गौ हत्या पर प्रतिबंध है, लेकिन कोई चोरी छुपे ऐसा करता है, तो उसे सजा मिलेगी।
श्री आचार्य शुक्रवार को बारां में आराध्यदेव कल्याणराय श्रीजी मंदिर पर आयोजित 545वें ध्वज महोत्सव आयोजन में शामिल होने आये थे। उनके साथ बारां- अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा और विधायक किशनगंज ललित मीणा भी साथ थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां 'डबल इंजन' की सरकार है। राजस्थान की भजनलाल सरकार अच्छा काम कर रही है। सरकार कई बड़े कानून लेकर आयी है, जिससे पेपर लीक मामलों से लेकर माफिया और बड़े-बड़े मगरमच्छों को पिंजरे में जाना पड़ रहा है।
उन्होंने अशांत क्षेत्र विधेयक (डिस्टर्ब एरिया एक्ट) के मामले में कहा कि इस प्रस्तावित कानून के बनने और लागू होने से तथाकथित लैंड जिहाद पर रोक लगेगी और हिंदू बाहुल्य इलाकों में हो रहे कथित दबाव और पलायन को रोका जा सकेगा। इस मामले में संपत्तियों की बिक्री पर रोक लगना ही काफी नहीं होगा, पूर्ण तरीके से पिछले वर्षों में दबाव डालकर बहुसंख्यक वर्ग की जो संपत्तियां खरीदी गई है उनकी रजिस्ट्री रद्द होनी चाहिए।
श्री आचार्य ने विपक्ष के विरोध पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति करती आयी है और उसे जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस हर अच्छे काम का विरोध करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित