बहराइच , जनवरी 21 -- उत्तर प्रदेश में जनपद बहराइच के विकास क्षेत्र पयागपुर के खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) अजय प्रताप सिंह ने निजी खर्च से पन्द्रह गौशालाओं को लोहे के जाल भेंट किए है।
बुधवार को बीडीओ अजय प्रताप सिंह ने विकास क्षेत्र की गौशालाओं को अपनी व्यक्तिगत पहल पर मजबूत लोहे के जाल भेंट किए। यह कोई औपचारिक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक संवेदनशील अधिकारी की वह सोच है, जो मैदान में भ्रमण के दौरान देखी गई पीड़ा से जन्मी।
बीडीओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि गौशालाओं में बीमार व घायल गौवंश कौवों और बड़े गौवंशों के हमलों से क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। यह दृश्य उन्हें भीतर तक व्यथित कर गया। उन्होंने महसूस किया कि यदि समय रहते कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो इलाज के बावजूद इन निरीह पशुओं की जान जोखिम में बनी रहेगी।
इसी पीड़ा को समाधान में बदलते हुए बीडीओ अजय प्रताप सिंह ने अपने निजी खर्च से मजबूत लोहे के जाल तैयार कराए, ताकि बीमार या घायल गौवंशों को सुरक्षित ढका जा सके और उनका समुचित उपचार बिना बाधा के हो सके। आज विकास क्षेत्र की 19 गौशालाओं में से 15 गौशालाओं को यह जाल उपलब्ध कराए गए, जबकि शेष चार गौशालाओं के लिए भी शीघ्र व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।
इस पहल से न केवल गौवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि गौशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी उपचार और देखभाल में सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्य केवल एक अधिकारी का दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और नैतिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।
बीडीओ के इस सराहनीय कदम की क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और गौसेवकों ने एक स्वर में कहा कि यदि हर अधिकारी इसी तरह जमीन पर उतरकर समस्याओं को समझे और समाधान करे, तो व्यवस्था स्वतः बेहतर हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित