भीलवाड़ा , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के रूपपुरा गांव में गोवंश से जुड़े मामले को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने फिर प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, चरागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और दोषियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों ने कहा है कि हाल ही में गांव में गोवंश के अवशेष मिलने के बाद भी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की।

सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल जोशी और मांडल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत करके उन्हें आश्वासन दिया और समझाने के बाद स्थिति को शांत कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित