बैतूल , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गौवंश तस्करी के एक प्रकरण में मुलताई पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, तीन फरवरी 2026 की रात सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप वाहन में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर वध के लिए महाराष्ट्र के अमरावती ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और गौ रक्षा समिति के सदस्यों ने लावाघोघरी मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान वाहन चालक ने रुकने के बजाय तेज गति से भागने का प्रयास किया।

पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर मुलताई के पास वाहन का टायर फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गया। तलाशी लेने पर वाहन में 12 गौवंश (गाय, बैल और बछड़े) अमानवीय स्थिति में बंधे हुए पाए गए। मामले में थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 81/26 के तहत गौवंश प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गया था, जिसे 15 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान (27), निवासी अमरावती के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित