बैतूल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई पुलिस ने गौवंश को अवैध रूप से कत्लखाने ले जाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार बैल और एक मोटरसाइकिल जब्त की है, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 मार्च की देर रात करीब 11 बजे धर्मेंद्र नरवरे ने सूचना दी कि परसठानी से मुलताई मार्ग पर महिला वाड़ी के पास चार लोग चार बैलों को रस्सियों से बांधकर मारते-पीटते हुए मालेगांव की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना मुलताई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए, जबकि दो को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छन्नू पवार (50) निवासी परसठानी और इनोत धोटे (32) निवासी मालेगांव के रूप में हुई है। आरोपियों के पास गौवंश के क्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार नग गौवंश और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित